भारत तिब्बत सहयोग मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. विवेक शर्मा के नेतृत्व में क्लस्टर यूनिवर्सिटी जम्मू के कुलपति प्रो. के. एस. चंद्रशेखर से की मुलाकात
जम्मू 21 मई (हि.स.)। भारत तिब्बत सहयोग मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. विवेक शर्मा के नेतृत्व में क्लस्टर यूनिवर्सिटी जम्मू के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. एस. चंद्रशेखर से मुलाकात की। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के उपाध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भारत तिब्बत सहयोग मंच की गतिविधियों एवं उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधियों ने बताया कि संगठन तिब्बत के मुद्दे तथा कैलाश मानसरोवर को चीनी नियंत्रण से मुक्त कराने के लिए जन-जागरूकता और जनसमर्थन जुटाने हेतु निरंतर कार्य कर रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने क्लस्टर यूनिवर्सिटी जम्मू में बौद्ध अध्ययन पर एक सम्मेलन आयोजित करने की संभावना पर भी चर्चा की ताकि बौद्ध विरासत, संस्कृति और अध्ययन के प्रति अकादमिक संवाद एवं जागरूकता को बढ़ावा दिया जा सके।
कुलपति प्रो. (डॉ.) के. एस. चंद्रशेखर ने इस पहल की सराहना करते हुए क्लस्टर यूनिवर्सिटी जम्मू में स्नातक स्तर पर बौद्ध धर्म को एक विषय के रूप में शुरू करने के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई जिसमें बौद्ध अध्ययन और तिब्बत से जुड़े सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं बौद्धिक सहयोग को बढ़ावा देने पर आपसी विचार-विमर्श किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह