जेकेबीओएसई ने बोर्ड परीक्षाओं के दौरान मोबाइल फोन ले जाने पर लगाया प्रतिबंध

 

बनिहाल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर शिक्षा बोर्ड (जेकेबीओएसई) ने बोर्ड परीक्षाओं के सुचारू और निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा पर्यवेक्षण कर्मचारियों को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

बोर्ड ने आज एक परिपत्र जारी करके सभी केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि पर्यवेक्षण कर्मचारी परीक्षा शुरू होने से पहले अपने मोबाइल फोन जमा करा दें। केंद्र अधीक्षक निर्देशों के कार्यान्वयन और आदेश के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। हालांकि केंद्र अधीक्षकों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है और उन्हें जेकेबीओएसई के मंडल, उप-मंडल और शाखा कार्यालयों के साथ-साथ अपने विभागीय अधिकारियों के साथ प्रभावी संचार के लिए मोबाइल फोन रखने की अनुमति होगी।

परिपत्र में आगे निर्देश दिया गया है कि परीक्षा की आधी अवधि बीत जाने तक किसी भी उम्मीदवार को प्रश्न पत्र लेकर परीक्षा केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इन निर्देशों की सूचना जम्मू और कश्मीर के विद्यालय शिक्षा निदेशकों, संबंधित परीक्षा अधिकारियों और सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को भेज दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता