पुंछ के तारकुंडी सेक्टर में देर रात गोलीबारी के बाद सुरक्षा बलों ने बढ़ाई निगरानी

 

पुंछ, 15 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर देर रात गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। तारकुंडी सेक्टर में हुई इस घटना के बाद सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है तथा सीमा से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

सुरक्षा एजेंसियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुंछ जिले के तारकुंडी सेक्टर में भारत और पाकिस्तान की चौकियों के बीच देर रात गोलीबारी होने की सूचना मिली है। हालांकि घटना की प्रकृति, गोलीबारी की अवधि तथा किसी प्रकार के नुकसान या हताहत की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

घटना के बाद नियंत्रण रेखा के निकट स्थित सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। सेना ने अग्रिम चौकियों पर सतर्कता बढ़ाने के साथ-साथ गश्ती अभियान भी तेज कर दिया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी उपकरणों और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, किसी भी संभावित घुसपैठ या सीमा पार से होने वाली गतिविधि को रोकने के लिए सुरक्षा बलों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। एलओसी से सटे गांवों और संवेदनशील इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

इस बीच कुछ सूत्रों ने नियंत्रण रेखा के आसपास भारतीय और पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों की गतिविधियों और गश्त की जानकारी भी दी है। हालांकि इस संबंध में भारतीय सेना, वायुसेना या पाकिस्तान की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां इन सूचनाओं की भी पुष्टि करने में जुटी हुई हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह