महबूबा मुफ़्ती ने उमर अब्दुल्ला पर साधा निशाना, ईरान मुद्दे पर उनके देर से आए बयान को बताया निराशाजनक

 

जम्मू, 27 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को ईरान पर इजरायल के हमले की निंदा करने में देरी को लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की आलोचना की। उन्होंने इस देरी को “निराशाजनक” करार दिया।

दरअसल, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज विधानसभा में “ईरान पर थोपे गए अन्यायपूर्ण और अवैध युद्ध” की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अपील की थी कि वे मानवता के हित में इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करें।

अपने बयान में उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वे और उनके सहयोगी इस युद्ध की कड़ी निंदा करते हैं तथा ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और इस संघर्ष में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।

इसी बीच, महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि यह बेहद निराशाजनक है कि भारत के एकमात्र मुस्लिम बहुल राज्य के एकमात्र मुस्लिम मुख्यमंत्री को ईरान पर इजरायल के “घृणित हमले” की स्पष्ट निंदा करने में लगभग एक महीना लग गया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब विधानसभा ने इस मामले में “तेजी से कार्रवाई” करते हुए ईरान के समर्थन और हमले की निंदा का प्रस्ताव पारित किया, जबकि जम्मू-कश्मीर सरकार ऐसा करने में पीछे रह गई।

महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने इस गंभीर अंतरराष्ट्रीय मुद्दे पर न तो तत्परता दिखाई और न ही कोई ठोस कदम उठाया। उनके अनुसार, सरकार की प्रतिक्रिया केवल बयानबाजी और भाषणों तक सीमित रही, जबकि इस मुद्दे पर स्पष्ट और सिद्धांत आधारित रुख अपनाने की आवश्यकता थी।

इस बयान के साथ ही राज्य की राजनीति में एक बार फिर ईरान-इजरायल मुद्दे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह