ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण कमल साहिब पहुंचे विधायक राजीव जसरोटिया, टेका माथा
कठुआ, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जसरोटा के विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव जसरोटिया ने रविवार को कठुआ स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण कमल साहिब में माथा टेककर गुरु नानक देव जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि ऐतिहासिक धार्मिक स्थल आस्था, शांति, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के प्रतीक हैं।
जसरोटिया ने कहा कि महान संतों और आध्यात्मिक विभूतियों से जुड़े धार्मिक स्थल समाज में आपसी सम्मान, एकता और सौहार्द की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे स्थलों की ऐतिहासिक पहचान और धार्मिक महत्व को संरक्षित रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। गुरुद्वारा चरण कमल साहिब से जुड़ी ऐतिहासिक मान्यता के अनुसार श्री गुरु नानक देव जी ने अपनी जम्मू क्षेत्र की यात्रा के दौरान अक्टूबर 1518 में यहां चरण डाले थे। मान्यता है कि उन्होंने इस स्थान पर एक पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर धार्मिक प्रवचन भी किया था। गुरुद्वारे के इतिहास के अनुसार इस पवित्र स्थल की देखरेख परंपरागत रूप से ठाकुर हिम्मत सिंह चंबियाल का परिवार करता रहा है। वर्ष 1998 में मास्टर गुरनाम सिंह जसरोटिया ने स्थल के ऐतिहासिक महत्व को उजागर करने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर से संपर्क किया था। वर्तमान गुरुद्वारा साहिब का निर्माण वर्ष 2012 में चार कनाल और 15 मरला भूमि पर शुरू हुआ था। ठाकुर हिम्मत सिंह चंबियाल ने अपने पुत्र कुंवर नरेंद्र सिंह चंबियाल की स्मृति में एक कनाल भूमि दान की थी जबकि श्री गुरु नानक देव जी धार्मिक एवं चैरिटेबल ट्रस्ट ने निर्माण कार्य शुरू करवाया था।
जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कठुआ के अध्यक्ष चरनजीत सिंह पोला ने इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल के महत्व को रेखांकित करते हुए गुरुद्वारे की पवित्रता, धार्मिक गतिविधियों और गुरु नानक देव जी से जुड़ी विरासत के संरक्षण के प्रयासों पर जोर दिया। वर्तमान में गुरुद्वारा साहिब की देखरेख जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कठुआ द्वारा की जा रही है। इस अवसर पर एसजीपीसी सदस्य दलजीत सिंह, जोगिंदर सिंह, हरजीत सिंह, सुरजीत सिंह, परवीन सिंह, गुरमीत सिंह और जरनैल सिंह सहित सिख समुदाय के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया