जसरोटिया ने 68.20 लाख के ग्रामीण विकास कार्यों का किया लोकार्पण -ट्रांसफार्मर, बोरवेल, सड़क-नाली, कम्युनिटी शेड और स्टेडियम में सोलर लाइटें शामिल
कठुआ, 28 फरवरी (हि.स.)। जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया ने जसरोटा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में 68.20 लाख की लागत से तैयार विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क और सामुदायिक सुविधाओं को मजबूत करना है।
इस दौरान 38 लाख की लागत से 8 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और अधिक सुचारू होगी। वहीं पंचायत उतरी और बरवाल वेस्ट में 8 लाख की लागत से दो कम्युनिटी शेड बनाए गए जो स्थानीय लोगों के सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए उपयोगी होंगे।
इसके अलावा बरवाल वेस्ट, फोरलेन वेस्ट, भोरथैन नॉर्थ और भोरथैन साउथ में 13.20 लाख की लागत से पांच गलियों और नालियों का निर्माण किया गया जिससे आवागमन बेहतर होगा और जलभराव की समस्या कम होगी। पंचायत उतरी में 4 लाख की लागत से बोरवेल का लोकार्पण भी किया गया जिससे पेयजल सुविधा को मजबूती मिलेगी। युवा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पंचायत रख लच्छीपुर के स्टेडियम में 5 लाख की लागत से सोलर लाइटें लगाई गईं जिससे खिलाड़ी शाम के समय भी अभ्यास कर सकेंगे।
इस अवसर पर विधायक राजीव जसरोटिया ने कहा कि बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की आधारशिला हैं। उन्होंने अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों की सराहना करते हुए लोगों से इन सार्वजनिक संपत्तियों की देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया