जम्मू के प्रणव संभयाल बने इंटरनेशनल शूटिंग जज
जम्मू, 01 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय शूटिंग खेलों के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि में जम्मू के प्रणव संब्याल ने इंटरनेशनल शूटिंग जज के रूप में क्वालिफाई कर भारत के साथ साथ जम्मू का भी नाम रौशन किया है। यह प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) ‘बी’ जजेस कोर्स 28 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक क्राउन प्लाजा नई दिल्ली ओखला में आयोजित किया गया। इस कोर्स का संचालन ग्रेट ब्रिटेन के पॉल गाम और जापान के वातारू फुजी जैसे अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों द्वारा किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारत, जापान, बांग्लादेश और श्रीलंका सहित चार देशों के कुल 36 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया जिससे यह प्रतियोगिता काफी प्रतिस्पर्धात्मक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की बन गई। प्रणव संभयाल जो पहले ही राष्ट्रीय स्तर के शूटिंग जज रह चुके हैं ने इस कोर्स में अपनी तकनीकी समझ, नियमों की गहरी जानकारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। उनकी यह उपलब्धि शूटिंग खेलों में उनकी प्रतिबद्धता और समर्पण को दर्शाती है।
उन्होंने विभिन्न स्तरों पर खिलाड़ियों को सहयोग देने, प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभाने और खेल में निष्पक्षता व पेशेवर मानकों को बढ़ावा देने में अहम योगदान दिया है। उनकी इस सफलता से भारत की अंतरराष्ट्रीय शूटिंग जगत में स्थिति और मजबूत होगी तथा यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा