जम्मू को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए जम्मू स्टेट मूवमेंट का गठन
जम्मू, 12 जुलाई (हि.स.)।
जम्मू में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, राजनीतिक संगठनों और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक में जम्मू स्टेट मूवमेंट के गठन की घोषणा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जम्मू को अलग राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से संयुक्त आंदोलन चलाया जाएगा।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जम्मू लंबे समय से विकास, रोजगार, उद्योग, व्यापार, पर्यटन, आधारभूत ढांचे और प्रशासनिक प्राथमिकताओं से जुड़े कई मुद्दों की अनदेखी का सामना कर रहा है। उनका कहना था कि क्षेत्रीय हितों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिली, इसलिए अब संगठित होकर राज्य के दर्जे की मांग को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का समय आ गया है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, कर्मचारी, व्यापारी और युवा संगठनों के साथ लगातार बैठकें कर आंदोलन का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत 13 जुलाई को सुबह 11:30 बजे तवी पुल स्थित महाराजा हरि सिंह जी की प्रतिमा स्थल पर जम्मू स्टेट मूवमेंट के बैनर तले औपचारिक रूप से आंदोलन का संकल्प लिया जाएगा और आगे की रणनीति की घोषणा की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता मूवमेंट कल्कि के संस्थापक दीपक सिंह ने की। इस दौरान विभिन्न संगठनों और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने आंदोलन को शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया तथा जम्मू के सभी वर्गों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता