जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की भारी भीड़
जम्मू,, 06 मई (हि.स.)।
वंदे भारत एक्सप्रैस के जम्मू-श्रीनगर रूट पर शुरू होने के बाद यात्रियों में इसका जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 2 मई से शुरू हुई इस सेमी हाई-स्पीड ट्रेन ने शुरुआती दिनों में ही लोकप्रियता के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। यात्री इसकी तेज रफ्तार के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं और आरामदायक सफर की भी जमकर सराहना कर रहे हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 4 मई को इस ट्रेन में 82 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई जिसमें लगभग 4,680 यात्रियों ने सफर किया। वहीं 5 मई को यह आंकड़ा बढ़कर 96 प्रतिशत तक पहुंच गया। चार दिनों के भीतर कुल लगभग 16,349 यात्रियों ने वंदे भारत ट्रेन से यात्रा की और औसत ऑक्यूपेंसी 82 प्रतिशत रही।
यात्रियों ने ट्रेन की विश्वस्तरीय सुविधाओं, स्वच्छता, पौष्टिक भोजन और झटकों से मुक्त सफर की विशेष रूप से प्रशंसा की।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू मंडल के अधिकारी लगातार ट्रेन में निरीक्षण कर रहे हैं ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलती रहें।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू-कटरा मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन भारतीय रेलवे के आधुनिक बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पर्यटन सीजन बढ़ने के साथ ट्रेन जल्द ही 100 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी तक पहुंचेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता