श्रीनगर पुलिस ने जब्त की मादक पदार्थों के तस्करों की 3.5 करोड़ की संपत्ति

 

श्रीनगर, 25 अप्रैल (हि.स.)। नशा मुक्त अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जारी कार्रवाई में श्रीनगर पुलिस ने शनिवार को शहर के नूरबाग इलाके में मादक पदार्थों के तस्करों की 3.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति जब्त की।

संगम पुलिस स्टेशन ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ के तहत कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस अधिनियम के तहत संपत्तियों को जब्त किया। जब्त की गई संपत्तियों में आरोपित शकील अहमद गनी पुत्र अब सतर गनी निवासी क्रेशबल नूरबाग का दो मंजिला एक आवासीय मकान और एक कनाल जमीन शामिल है और जिसकी कीमत 2 करोड़ से अधिक है।

जब्त की गई एक अन्य संपत्ति में आरोपित फारूक अहमद मीर पुत्र अब रहमान मीर निवासी क्रेशबल नूरबाग का दो मंजिला एक आवासीय मकान और एक कनाल जमीन शामिल है जिसकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ है। अधिकारियों ने बताया कि ये संपत्तियां अवैध रूप से अर्जित की गई थीं और मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त धन से बनाई गई थीं। यह कार्रवाई मादक पदार्थों के नेटवर्क को नष्ट करने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है जिसमें अपराधियों और उनके वित्तीय ढांचे दोनों को निशाना बनाया जा रहा है।

श्रीनगर पुलिस ने कहा कि ऐसे सख्त उपाय जारी रहेंगे और जनता से मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित जानकारी साझा करने का आग्रह किया ताकि चल रहे मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को मजबूत किया जा सके।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता