जम्मू ग्रामीण पुलिस ने नगरोटा में गो-तस्करी की कोशिश नाकाम कर 24 गोवंशीय पशु बचाए

 

जम्मू,, 15 जुलाई (हि.स.)।

ऑपरेशन कामधेनु के तहत गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जम्मू (ग्रामीण) पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगरोटा थाना क्षेत्र के बन टोल प्लाजा पर 24 गोवंशीय पशुओं को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। पुलिस ने इस दौरान एक ट्रक भी जब्त कर लिया जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार बन टोल प्लाजा पर नाका जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में 24 गोवंशीय पशुओं को बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और अमानवीय तरीके से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी पशुओं को सुरक्षित छुड़ाकर ट्रक को जब्त कर लिया।

इस संबंध में थाना नगरोटा में एफआईआर संख्या 177/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस जांच जारी है।

जम्मू (ग्रामीण) पुलिस ने दोहराया कि गो-तस्करी के खिलाफ उसकी जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता