चौकी चौरा में जम्मू ग्रामीण पुलिस ने गोवंश तस्करी की कोशिश नाकाम की
जम्मू,, 29 जून (हि.स.)।
जम्मू (ग्रामीण) पुलिस ने ऑपरेशन कामधेनु के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी चौरा क्षेत्र में मवेशी तस्करी की एक कोशिश को नाकाम बना दिया। पुलिस ने नाका जांच के दौरान पांच पशुओं को सुरक्षित बचाया और तस्करी में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, चौकी चौरा नाका पर नियमित जांच के दौरान वाहन को रोका गया। जांच में पाया गया कि वाहन में पांच पशुओं को क्रूर तरीके से भरकर अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। तत्काल तलाश के बावजूद उसे पकड़ा नहीं जा सका।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर सभी पशुओं को सुरक्षित छुड़ा लिया। इस संबंध में थाना अखनूर में एफआईआर नंबर 157/2026 दर्ज की गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 223, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा पशु परिवहन नियम 1978 की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
जम्मू (ग्रामीण) पुलिस ने कहा कि मवेशी तस्करी और पशु क्रूरता में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता