जम्मू रेलवे कर्मचारी ने लौटाया यात्री का 13,700 रुपये से भरा पर्स

 

जम्मू,, 08 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू रेलवे मंडल के टिकट जांच कर्मचारी ने ईमानदारी और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए ट्रेन में छूटा एक यात्री का पर्स सुरक्षित वापस लौटा दिया। पर्स में 13,700 रुपये नकद, वंदे भारत एक्सप्रेस का टिकट और महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। कर्मचारी की त्वरित कार्रवाई से यात्री की श्रीनगर जाने वाली वंदे भारत ट्रेन भी छूटने से बच गई।

जानकारी के अनुसार 8 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 12425 के बी-9 डिब्बे की सीट संख्या 63 पर एक यात्री अपना पर्स भूल गया था। जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर तैनात टिकट जांच कर्मचारी सुनील कुमार को यात्री और उसके परिजनों ने इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही सुनील कुमार ने संबंधित डिब्बे की जांच की और पर्स सुरक्षित बरामद कर लिया। उसमें 13,700 रुपये नकद, श्रीनगर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 26401 का टिकट और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। सत्यापन के बाद पूरा सामान यात्री को सौंप दिया गया।

वहीं जम्मू रेलवे मंडल ने 7 अक्टूबर को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व में विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने के 153 मामले पकड़े गए और लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये वसूले गए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कर्मचारी की ईमानदारी की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे के लिए यात्री सेवा सर्वोपरि है। उन्होंने यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील की और बताया कि टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता