जम्मू रेलवे मंडल में डीआरएम विवेक कुमार ने ‘सेफ्टी एंड काउंसलिंग रूम’ का उद्घाटन किया

 

जम्मू,, 27 अक्टूबर (हि.स.)।

रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे कर्मचारियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में एक नई पहल की गई है। मंगलवार को जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने ‘सेफ्टी एंड काउंसलिंग रूम’ का उद्घाटन किया।

इस विशेष कक्ष को लोको पायलट, गार्ड और अन्य रनिंग स्टाफ की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यहां रेलवे कर्मचारियों को सुरक्षित ट्रेन परिचालन, सुरक्षा नियमों और काम के दौरान आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए जरूरी मार्गदर्शन और काउंसलिंग की सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव को कम करने और काम तथा निजी जीवन के बीच बेहतर संतुलन बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को सकारात्मक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना और रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाना है।

उद्घाटन के अवसर पर डीआरएम विवेक कुमार ने कहा कि सुरक्षित ट्रेन परिचालन रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह काउंसलिंग रूम कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य और कार्य-संतुलन को बेहतर बनाने में भी मदद करेगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल से रेलवे के टूगैदर फार ट्रेन स्पैशल आप्रेशन के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। जम्मू रेलवे मंडल की इस पहल का मकसद रनिंग स्टाफ को बेहतर सहयोग देना और सुरक्षित रेल परिचालन को बढ़ावा देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता