जम्मू रेलवे मंडल के लेखा विभाग में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए तीन पदों पर आवेदन आमंत्रित
जम्मू,, 26 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू रेलवे मंडल ने कर्मचारियों की कमी को दूर करने और वित्तीय प्रबंधन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लेखा विभाग में सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
रेलवे प्रशासन के अनुसार वर्ष 2025 में जम्मू मंडल के गठन के बाद विभागीय कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए यह फैसला लिया गया है। इससे पहले वाणिज्य और परिचालन विभाग में करीब 25 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति की जा चुकी है।
नई भर्ती प्रक्रिया के तहत वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी (लेखा) के तीन पदों पर पुनर्नियुक्ति की जाएगी। ये पद पे-लेवल 8 और 9 के अंतर्गत आते हैं।
रेलवे द्वारा निर्धारित पात्रता शर्तों के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि तक उम्मीदवार की आयु 64 वर्ष 6 महीने से अधिक नहीं होनी चाहिए। पुनर्नियुक्ति अधिकतम 65 वर्ष की आयु तक ही मान्य होगी।
इसके लिए केवल संबंधित कैडर से सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी ही आवेदन कर सकेंगे। संबंधित पे-लेवल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा उम्मीदवार की पिछले पांच वर्षों की वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट में कम से कम ग्रेडिंग होना जरूरी है।
इस भर्ती के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन एक नामित समिति द्वारा पिछले पांच वर्षों की वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट, कार्य अनुभव, साक्षात्कार और सतर्कता संबंधी क्लीयरेंस के आधार पर किया जाएगा। अंतिम चयन से पहले रेलवे मेडिकल अथॉरिटी द्वारा स्वास्थ्य जांच भी अनिवार्य होगी।
इच्छुक और पात्र सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी आवेदन प्रक्रिया और अन्य जानकारी के लिए वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, जम्मू मंडल कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता