जम्मू पुलिस ने प्रतिबंधित चीनी मांझा (गट्टू) के खिलाफ की कार्रवाई, 08 रोल किए ज़ब्त

 

जम्मू, अगस्त 26 (हि.स.)। प्रतिबंधित और खतरनाक चीनी प्लास्टिक मांझा (गट्टू) की बिक्री भंडारण और इस्तेमाल के खिलाफ़ लगातार चल रहे अभियान में जम्मू पुलिस को एक और सफलता मिली है।

जानीपुर पुलिस स्टेशन ने 03 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विश्वसनीय जानकारी के आधार पर जानीपुर पुलिस स्टेशन की टीम ने तीन लोगों को पकड़ा जिनकी पहचान मनीष सिंह पुत्र जवाहर सिंह हाल निवासी टोपशेरखानिया,

दिनेश रोकाया पुत्र प्रकाश रोकाया निवासी टोप शेरखानिया, अर्जुन पुत्र घनश्याम राय निवासी मंडलीकनगर के रूप मे हुई है।

जांच के दौरान आरोपियों के पास से प्रतिबंधित चीनी प्लास्टिक मांझा (गट्टू) के 08 रोल बरामद और ज़ब्त किए गए। इस खतरनाक सिंथेटिक धागे से सार्वजनिक सुरक्षा को होने वाले गंभीर खतरे को देखते हुए सक्षम अधिकारियों ने चीनी मांझा की बिक्री भंडारण और इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।

इसकी धारदार और कभी न खत्म होने वाली (नॉन-बायोडिग्रेडेबल) प्रकृति के कारण पैदल चलने वालों दोपहिया वाहन चालकों और बच्चों को गंभीर चोटें लग सकती हैं या उनकी मौत भी हो सकती है, साथ ही यह पक्षियों और अन्य जानवरों के लिए भी बड़ा खतरा है। इसके अनुसार जानीपुर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत प्राथमिकी नंबर 156/2026 और 157/2026 दर्ज की गई हैं और जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता