नशा मुक्त जम्मू अभियान में 627 NDPS मामले, 713 आरोपी गिरफ्तार

 

जम्मू,, 22 जुलाई (हि.स.)।

जम्मू पुलिस ने 'नशा मुक्त जम्मू अभियान' के तहत नशा तस्करी और मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ चलाए गए अभियान की सफलता रिपोर्ट जारी की है। अभियान के दौरान जिले में 627 एनडीपीएस मामले दर्ज किए गए और 713 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 8.299 किलोग्राम हेरोइन, 40.042 किलोग्राम गांजा, 1 किलोग्राम अफीम और 3.25 किलोग्राम पोस्ता बरामद किया। नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए 28 बैंक खाते, लगभग 41 लाख रुपये और 123.290 ग्राम सोना फ्रीज किया गया।

अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए करीब 19 करोड़ रुपये मूल्य की 29 इमारतों को ध्वस्त किया गया। पुलिस ने 185 नशा पीड़ितों को पुनर्वास और नशामुक्ति उपचार के लिए प्रशासन को भेजा जबकि 460 जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 46 हजार लोगों को जागरूक किया गया।

इसके अलावा केमिस्ट दुकानों की जांच, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई और जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण जैसे कई कदम भी उठाए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता