मीरां साहिब में नशा सेवन के आरोप में मामला दर्ज
जम्मू,, 01 जून (हि.स.)।
नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को लेकर जम्मू पुलिस ने अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए मीरां साहिब क्षेत्र में एक व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पाया गया, जिसके बाद उसे चिकित्सकीय जांच के लिए नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र भेजा गया।
जानकारी के अनुसार थाना मीरां साहिब की पुलिस टीम ने नियमित गश्त के दौरान एक व्यक्ति को नशे की हालत में पाया, जो ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और असामान्य व्यवहार कर रहा था। पूछताछ में उसकी पहचान जसबीर सिंह निवासी खौर देवोनियां, आर.एस. पुरा, जम्मू के रूप में हुई।
पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे मेडिकल जांच और यूरिन ड्रग स्क्रीनिंग के लिए चन्नी स्थित ड्रग डी-एडिक्शन एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर भेजा। मेडिकल रिपोर्ट में उसके नमूने में मॉर्फीन/हेरोइन और बेंज़ोडायजेपीन की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना मीरां साहिब में एफआईआर संख्या 78/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जम्मू पुलिस ने युवाओं से नशे से दूर रहने और आवश्यकता पड़ने पर नशा मुक्ति केंद्रों की सहायता लेने की अपील की है। साथ ही लोगों से नशा तस्करी और नशे के दुरुपयोग से संबंधित जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता