जम्मू पुलिस ने यात्री निवास में अमरनाथ यात्रियों की मौत के झूठे दावों का किया खंडन

 

जम्मू, 03 जुलाई (हि.स.)। जम्मू पुलिस ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे उन झूठे दावों का खंडन किया है जिनमें कहा गया था कि श्री अमरनाथ जी की यात्रा पर निकले तीर्थयात्रियों की जम्मू के यात्री निवास में मृत्यु हो गई है।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह हमारे संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया पर कुछ रीलें प्रसारित हो रही हैं जिनमें झूठा दावा किया जा रहा है कि श्री अमरनाथ जी की यात्रा पर निकले तीर्थयात्रियों की जम्मू के यात्री निवास में मृत्यु हो गई है। पुलिस ने इन दावों का कड़ा खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि कोई मृत्यु नहीं हुई है और यात्री पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हैं।

बयान में आगे कहा गया कि जम्मू पुलिस प्रत्येक तीर्थयात्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता