जम्मू पुलिस ने दो संदिग्ध नशीले पदार्थों के तस्करों को किया गिरफ्तार, 250-260 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद

 


जम्मू, 10 सितंबर (हि.स.)। नशा मुक्त अभियान के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे अपने निरंतर अभियान को जारी रखते हुए जम्मू पुलिस ने खुर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और लगभग 250-260 ग्राम हेरोइन जैसा नशीला पदार्थ बरामद किया।

खुर थाना की एक पुलिस टीम ने धालेरी में नाकाबंदी के दौरान पंजीकरण संख्या जेके02बीडी-0771 वाली एक कार को रोका। चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया जिसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन को रोक लिया। बाद में की गई तलाशी के दौरान दो आरोपियों के पास से लगभग 250-260 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया।

इनकी पहचान राहुल धर पुत्र देवी दास निवासी फलाटी तहसील एवं जिला उधमपुर, धीरज सुंबलिया पुत्र सतीश कुमार निवासी गढ़ी, तहसील एवं जिला उधमपुर के रूप में हुई है। तदनुसार एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/22/25/29 के तहत पुलिस स्टेशन खौर में एफआईआर संख्या 75/2026 दर्ज की गई है।

आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता