आरएस पुरा में जम्मू पुलिस ने कुख्यात अपराधी को किया गिरफ्तार
जम्मू,, 02 अप्रैल (हि.स.)।
आरएस पुरा क्षेत्र में जम्मू पुलिस ने एक त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुलिस टीम को देखते ही भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सतर्कता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया, जिससे किसी संभावित खतरे को टाल दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दविंदर कुमार उर्फ राहुल, पुत्र दर्शन लाल निवासी चक मोहम्मद यार, तहसील आरएस पुरा, जिला जम्मू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तेजधार हथियार (टोका) बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
इस संबंध में पुलिस ने एफआईआर नंबर 64/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ जम्मू-कश्मीर व पंजाब के विभिन्न थानों में पहले से ही 13 मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के अन्य आपराधिक संबंधों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता