‘कैच द रेन 2026’ के तहत जम्मू में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की तैयारी

 

जम्मू,, 18 अगस्त (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम ने जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘कैच द रेन 2026’ अभियान के तहत शहर में वर्षा जल संचयन प्रणालियां स्थापित करने की व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। इस पहल के तहत बारिश के पानी को संरक्षित कर उसका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और सरकारी परिसरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे।

अभियान के पहले चरण में जम्मू शहर के 13 पार्कों और विभिन्न स्कूलों में वर्षा जल संचयन प्रणालियां स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा शहर में 1,000 से अधिक सरकारी भवनों को भी इस व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। नगर निगम का उद्देश्य बारिश के पानी को व्यर्थ बहने से रोकना और भविष्य में जल संकट से निपटने के लिए जल संसाधनों का संरक्षण करना है।

इस पहल के माध्यम से वर्षा जल को एकत्रित कर उसे भूजल स्तर बढ़ाने और पानी की उपलब्धता को मजबूत करने में इस्तेमाल किया जा सकेगा। नगर निगम द्वारा सार्वजनिक संस्थानों में इस तरह की प्रणालियां स्थापित करने से जल संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ने की भी उम्मीद है।

‘कैच द रेन 2026’ के तहत शहर में बड़े पैमाने पर वर्षा जल संचयन व्यवस्था विकसित होने से न केवल पानी की बचत होगी, बल्कि बारिश के दौरान जलभराव और पानी के तेज बहाव की समस्या को कम करने में भी मदद मिल सकती है। नगर निगम ने अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए संबंधित विभागों के साथ तैयारियां तेज कर दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता