जम्मू नगर निगम ने सतवारी चौक पर लगभग 20 दुकानें की ध्वस्त

 

जम्मू, 10 सितंबर (हि.स.)। जम्मू नगर निगम (जेएमसी) ने गुरुवार को सतवारी चौक पर लगभग 20 दुकानें ध्वस्त कर दीं जिससे दुकानदारों में आक्रोश फैल गया। दुकानदारों का आरोप है कि दशकों पुरानी इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के ध्वस्त कर दिया गया।

प्रभावित दुकानदारों के अनुसार ये दुकानें लगभग 50 वर्षों से उस स्थान पर चल रही थीं और मालिकों का दावा है कि वे नगर निगम को नियमित रूप से मासिक किराया दे रहे थे।

गुस्से में आए दुकानदारों ने आरोप लगाया कि उन्हें पर्याप्त नोटिस या सूचना दिए बिना ही विध्वंस किया गया जिससे उन्हें अपना सामान हटाने या वैकल्पिक व्यवस्था करने का बहुत कम अवसर मिला। यह कार्रवाई सतवारी क्षेत्र में विकास कार्यों से प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास के लंबे समय से लंबित मुद्दे के मद्देनजर की गई है।

केंद्र शासित प्रदेश मंत्रिमंडल ने पहले ही नई बस्ती, सतवारी चौक पर सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित दुकानदारों और खुले स्थानों पर स्थित दुकानों के लिए पुनर्वास और पुनर्स्थापन योजना को मंजूरी दे दी थी। हालांकि जेएमसी के एक अधिकारी ने कहा कि प्रभावित दुकानदारों को छह महीने के भीतर दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इस आश्वासन से प्रभावित व्यापारी संतुष्ट नहीं हुए हैं।

उन्होंने इस दावे को सफेद झूठ करार देते हुए कहा कि उन्हें पहले भी पुनर्वास के आश्वासन मिले थे लेकिन उनकी आजीविका को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

व्यापारिक संगठनों द्वारा सतवारी दुकानदारों के पुनर्वास का मुद्दा बार-बार उठाया गया है। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने पहले कहा था कि प्रभावित दुकानदार नगर निगम को किराया दे रहे थे और उन्होंने वैकल्पिक स्थल और पुनर्वास की मांग की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता