जम्मू में कल से शुरू होगी जनगणना 2026

 

जम्मू,, 16 मई (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम के निगमायुक्त डॉ. देवांश यादव ने जनगणना 2026 को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि शहर में 17 मई से जनगणना प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि जम्मू शहर में जनगणना कार्य के लिए निगम की 1200 से अधिक टीमें तैनात की गई हैं जो घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगी।

निगमायुक्त ने बताया कि लोग स्वयं भी ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जनगणना कर सकते हैं। इसके लिए विशेष डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराई गई है ताकि लोग आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकें।

उन्होंने कहा कि जम्मू शहर की आबादी करीब 8 लाख है और सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना टीमों का सहयोग करें तथा सही और पूरी जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने बताया कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता