79वीं सीनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप के लिए जम्मू-कश्मीर तैराकी टीम रवाना
जम्मू, 13 जून (हि.स.)। 79वीं सीनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप-2026 में भाग लेने के लिए जम्मू-कश्मीर की तैराकी टीम को शनिवार को एमएएम स्टेडियम जम्मू से रवाना किया गया। आठ सदस्यीय दल में चार पुरुष और चार महिला तैराक शामिल हैं जो राष्ट्रीय स्तर पर केंद्र शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
टीम को अमर सिंह क्लब के सचिव विजय सराफ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एस. रामनदीप सिंह सूदन, महासचिव भारत कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव एवं कोच बबीता रानी, कोच कुलदीप सिंह, अजय कुमार और प्रद्युल, एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जगबीर सिंह सूदन सहित अन्य पदाधिकारी, खिलाड़ी और उनके परिजन उपस्थित रहे।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 16 से 21 जून तक गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के एक्वाटिक कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी। प्रतियोगिता का आयोजन गुजरात स्टेट एक्वाटिक एसोसिएशन द्वारा स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर दल में पुरुष वर्ग में मूसा परवेज मलिक, अभिषेक शर्मा, आदित्य प्रताप सिंह और मुख्तार अहमद भट शामिल हैं जबकि महिला वर्ग में चित्रांगना शर्मा, अनाहितम गुप्ता, तेगमीत कौर और अवनी एथ्मिया प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
टीम के साथ बबीता रानी कोच तथा जंगवीर सिंह मैनेजर के रूप में जाएंगे। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा