जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में 20 मार्च तक हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना

 

श्रीनगर, 17 मार्च (हि.स.)l मौसम केंद्र ने जम्मू और कश्मीर में 20 मार्च तक अप्रत्याशित मौसम का दौर जारी रहने और आज हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना जताई है। अगले कुछ दिनों में 18-20 मार्च को आम तौर पर बादल छाए रहेंगे और चिनाब घाटी और दक्षिण कश्मीर के ऊंचे इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होगी।

मौसम केंद्र के अनुसार 21-25 मार्च तक मौसम शुष्क होने की उम्मीद है। 26-28 मार्च तक बारिश या बर्फबारी का एक और दौर होने की संभावना है। यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों को तदनुसार योजना बनाने की सलाह दी गई है, क्योंकि महत्वपूर्ण दर्रे प्रभावित हो सकते हैं। 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से गरज के साथ तेज हवाएं चलने और छिटपुट ओलावृष्टि की भी संभावना है। इस अवधि के दौरान किसानों के लिए कामकाज स्थगित रखना ही बेहतर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता