जम्मू-कश्मीर में तीन ड्रग तस्करों की 4 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

 

श्रीनगर, 16 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुलवामा और श्रीनगर ज़िलों में तीन ड्रग तस्करों की 4 करोड़ रुपये की संपत्ति ज़ब्त की है। यह कार्रवाई नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत की गई।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान' के तहत ड्रग तस्करी के ख़िलाफ़ एक बड़ी कार्रवाई में अवंतीपोरा पुलिस ने कुख्यात ड्रग तस्कर निसार अहमद खांडे की लगभग 2.50 करोड़ रुपये की संपत्ति ज़ब्त की है। इसमें एक दो-मंज़िला रिहायशी घर और 7 कनाल (38,115 वर्ग फुट) व 18 मरला (4,900 वर्ग फुट) ज़मीन शामिल है। उन्होंने बताया कि जांच से पता चला है कि यह संपत्ति नशीले पदार्थों और साइकोट्रोपिक पदार्थों की अवैध तस्करी से हुई कमाई से हासिल की गई थी।

प्रवक्ता ने बताया कि श्रीनगर में पुलिस ने दो ड्रग तस्करों की 1.50 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति ज़ब्त की है। बटामालू पुलिस स्टेशन ने सिकंदर फिरदौस के नाम पर श्रीनगर की नंदरेश कॉलोनी में स्थित 80 लाख रुपये कीमत का तीन मंज़िला रिहायशी मकान ज़ब्त किया है। उन्होंने कहा कि एक अन्य मामले में क्रालखुड पुलिस स्टेशन ने अनंतनाग ज़िले के बिजबेहारा इलाके में गुलाम हसन भट के नाम पर 70 लाख रुपये कीमत का एक मंज़िला रिहायशी मकान ज़ब्त किया। ज़ब्त की गई संपत्ति की जानकारी आगे की कार्रवाई के लिए नई दिल्ली में सक्षम अधिकारी को सौंप दी गई है। प्रवक्ता ने कहा कि जांच से यह साबित हुआ है कि ज़ब्त की गई संपत्तियां गैर-कानूनी नशीले पदार्थों की तस्करी से हुई कमाई से बनाई गई थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता