अंडर-14 बालिका बैडमिंटन में जम्मू बना चैंपियन, उधमपुर को 2-0 से हराया

 


कठुआ, 17 अक्टूबर (हि.स.) स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में लड़के और लड़कियों के सभी आयु वर्गों की अंतर-जिला संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल में जम्मू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उधमपुर को 2-0 सेट से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।

फाइनल मुकाबले से पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में जम्मू ने कठुआ को 2-0 सेट से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई जबकि दूसरे सेमीफाइनल में उधमपुर ने पुंछ को 2-0 सेट से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

समापन समारोह में जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कठुआ सुनील कुमार ने विजेता जम्मू और उपविजेता उधमपुर की टीमों को ट्रॉफियां प्रदान कर खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी कड़ी मेहनत करने, खेल भावना बनाए रखने और बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की सकारात्मक भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

प्रतियोगिता का सफल आयोजन युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल कौशल में सुधार के अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया