जम्मू मंडल से चेरी और लीची की रिकॉर्ड रेल ढुलाई

 

जम्मू,, 18 जून (हि.स.)।

जम्मू मंडल द्वारा फल उत्पादकों के हित में शुरू की गई एक बड़ी पहल के तहत इस वर्ष रेलवे के माध्यम से रिकॉर्ड मात्रा में चेरी और लीची का परिवहन किया गया है। जम्मू रेलवे स्टेशन से लगभग 250 टन चेरी मुंबई, वडोदरा और सूरत जैसे बड़े शहरों के लिए भेजी गई जबकि पठानकोट कैंट स्टेशन से करीब 10 टन लीची मुंबई, अहमदाबाद और सूरत के लिए रवाना की गई। यह उपलब्धि जम्मू मंडल के लिए एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र के फल उत्पादकों को सीधा लाभ मिल रहा है।

रेल प्रशासन के अनुसार इस पहल से बिचौलियों की भूमिका कम हुई है, जिससे किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर और उचित मूल्य मिल रहा है। रेल परिवहन सड़क मार्ग की तुलना में अधिक किफायती होने के साथ-साथ समय की बचत भी करता है, जिससे खराब होने वाले फलों की गुणवत्ता बनी रहती है और नुकसान कम होता है। चेरी और लीची अब कम समय में देश के प्रमुख बाजारों तक पहुंच रही हैं, जिससे उनकी मांग और किसानों की आय दोनों में वृद्धि देखी जा रही है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि विशेष पार्सल वैगन और तेज लोडिंग-अनलोडिंग सुविधाओं के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर के फल तेजी से और ताजगी के साथ देशभर में पहुंचें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता