चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने आरबीआई क्षेत्रीय निदेशक से की मुलाकात
जम्मू,, 02 सितंबर (हि.स.)।
चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, जम्मू के अध्यक्ष अरुण गुप्ता के नेतृत्व में पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक प्रभाकर झा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने द सिटिजन्स कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड पर अचानक लगाए गए प्रतिबंधों को लेकर चिंता जताई। चैंबर ने कहा कि प्रतिबंधों के कारण ग्राहकों को छह महीने की अवधि में केवल 1.25 लाख रुपये तक निकालने की अनुमति है जिससे व्यापारियों, उद्योगपतियों और आम जमाकर्ताओं में असुरक्षा और परेशानी पैदा हुई है। अरुण गुप्ता ने कहा कि कई व्यापारियों के करंट अकाउंट और सीसी लिमिट सुविधाएं प्रभावित हुई हैं, जबकि आम लोगों ने चिकित्सा, शिक्षा, घरेलू खर्च और बच्चों की शादी जैसी जरूरतों के लिए अपनी मेहनत की कमाई बैंक में जमा की है। उन्होंने आरबीआई से इस समस्या का जल्द समाधान निकालने की अपील की। जवाब में क्षेत्रीय निदेशक प्रभाकर झा ने बताया कि बैंक पर प्रतिबंध आरबीआई के मुख्यालय के निर्णय के बाद लगाए गए हैं, क्योंकि बैंक की देनदारियां बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि बैंक की वर्तमान प्रबंधन व्यवस्था ने ईमानदारी से काम किया है और एनपीए में कमी आई है। उन्होंने यह भी बताया कि पांच लाख रुपये से अधिक जमा राशि वाले ग्राहक बैंक प्रबंधन के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं और बीमित राशि के तहत पहले चरण में अधिकतम पांच लाख रुपये या वास्तविक जमा राशि, जो भी कम हो, प्राप्त कर सकते हैं। शादी, उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों वाले जमाकर्ताओं के मामलों को भी बैंक प्रबंधन के माध्यम से आरबीआई तक भेजने की बात कही गई। क्षेत्रीय निदेशक ने कहा कि यदि छह महीने के दौरान बैंक की देनदारियां कम होती हैं तो प्रतिबंधों में सुधार और बैंक के पुनर्जीवित होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता