परिसीमन प्रक्रिया से जम्मू-कश्मीर को बाहर रखा जाना चाहिए: सकीना इट्टू

 

श्रीनगर, 29 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर की मंत्री सकीना इट्टू ने रविवार को संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए प्रस्तावित आरक्षण का स्वागत किया लेकिन साथ ही यह भी कहा कि इस केंद्र शासित प्रदेश को परिसीमन (डिलिमिटेशन) प्रक्रिया से बाहर रखा जाना चाहिए। 2024 के विधानसभा चुनावों से पहले जम्मू-कश्मीर में की गई परिसीमन प्रक्रिया का जिक्र करते हुए स्वास्थ्य और समाज कल्याण मंत्री इट्टू ने कहा कि बार-बार परिसीमन प्रक्रिया करना सही नहीं है।

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पत्रकारों से बात करते हुए इट्टू ने कहा कि आपने अभी हाल ही में विधानसभा चुनावों से पहले ऐसा किया था। जम्मू-कश्मीर को इससे बाहर रखा जाना चाहिए क्योंकि चुनाव से पहले ही यहाँ परिसीमन किया जा चुका है। अब तीन या चार साल बाद अगर आप फिर से परिसीमन करते हैं तो मुझे नहीं लगता कि इसका कोई औचित्य है।

उन्होंने कहा कि अगर परिसीमन करना ही है तो मेरा मानना है कि जम्मू-कश्मीर को इससे बाहर रखा जाना चाहिए क्योंकि यहाँ तीन साल पहले ही परिसीमन किया गया था।

हालाँकि इट्टू ने महिलाओं के लिए आरक्षण का स्वागत किया और इसे एक अच्छा कदम बताया। उन्होंने कहा, अगर ऐसा होता है तो यह एक अच्छा कदम है क्योंकि इससे महिलाओं को भी आगे आने का मौका मिलेगा। राजनीति जैसे क्षेत्र में महिलाओं का प्रवेश होगा और वे निर्णय लेने, विकास कार्यों लोगों के साथ कदम मिलाकर चलने और उनके लिए काम करने में अपनी भूमिका निभा सकेंगी।

मध्य कश्मीर के बडगाम में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना जिसका मुख्यालय और मुख्य परिसर भी वहीं होगा के बारे में सरकार की अधिसूचना पर प्रतिक्रिया देते हुए इत्तू ने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एक बहुत बड़ा, ऐतिहासिक कदम उठाया है और अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि यह जम्मू-कश्मीर के लिए एक ऐतिहासिक कदम है।

मैं इसके लिए माननीय मुख्यमंत्री को दिल से बधाई देना चाहती हूँ क्योंकि यह एक पुरानी मांग थी हमारे बच्चों को पढ़ाई के लिए क्षेत्र के बाहर जाना पड़ता था लेकिन अब यह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी यहीं हमारे जम्मू-कश्मीर में स्थापित होगी और शुरू की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता