जम्मू में 'रन फॉर यूनिटी' के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 'एकता दिवस' मनाया
जम्मू, 15 नवंबर(हि.स.)। 'एकता दिवस' के उपलक्ष्य में रविवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जम्मू में 'रन फॉर यूनिटी' (एकता के लिए दौड़) का आयोजन किया। जम्मू के डिविजनल कमिश्नर डॉ. विकास कुंडल ने गुलशन ग्राउंड से इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, प्रमुख नागरिकों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों, छात्रों और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया जो राष्ट्रीय एकता और एकजुटता की भावना को दर्शाता है। इस आयोजन में 10 किमी और 5 किमी की मैराथन दौड़ शामिल थी जिसका उद्देश्य शारीरिक फिटनेस, आपसी जुड़ाव और एकता की भावना को बढ़ावा देना था।
मैराथन गुलशन ग्राउंड से शुरू होकर जम्मू शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और वापस उसी स्थान पर आकर संपन्न हुई। इस अवसर पर बोलते हुए डिविजनल कमिश्नर ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामूहिक जिम्मेदारी के मूल्यों को मजबूत करने में 'एकता दिवस' के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने खेल और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एक साथ लाने की जम्मू-कश्मीर पुलिस की पहल की सराहना की। इस कार्यक्रम में जम्मू-कठुआ-सांबा रेंज के डीआईजी श्रीधर पाटिल, जम्मू के एसएपी जोगिंदर सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता