जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर में एसीबी के दो नए भवनों का किया उद्घाटन
जम्मू, 08 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को जम्मू-कश्मीर में एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के दो नए भवनों का उद्घाटन किया। इनमें एक मुख्यालय जम्मू के सिधड़ा इलाके में और दूसरा शाखा कार्यालय पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में बनाया गया है।
उद्घाटन समारोह के दौरान एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि ये भवन केवल ईंट-पत्थर की इमारतें नहीं हैं बल्कि पारदर्शिता और भ्रष्टाचार-मुक्त जम्मू-कश्मीर की दिशा में प्रशासन के मजबूत संकल्प का प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर इस समय बदलाव के अहम दौर से गुजर रहा है। पिछले पांच-छह वर्षों में कई बड़े परिवर्तन हुए हैं जिनसे शासन व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनी है और अब पूरी व्यवस्था जनता की सेवा के लिए समर्पित है।
एलजी ने कहा कि अब सरकारी तंत्र किसी खास वर्ग के लिए नहीं बल्कि केंद्र शासित प्रदेश के हर नागरिक के हित में काम कर रहा है। सिन्हा ने कहा कि लोगों की सोच और उम्मीदों में भी बड़ा बदलाव आया है और अब वे औसत काम से संतुष्ट नहीं होते। लोगों को भरोसा है कि जम्मू-कश्मीर का भविष्य सुनहरा है।
इस दौरान उन्होंने एंटी-करप्शन ब्यूरो के अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे अपने काम में पूरी ईमानदारी और पेशेवर तरीके से कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिया कि हर जांच, फैसला और कार्रवाई ऐसी हो जो अदालत में भी मजबूती से टिक सके।
एलजी मनोज सिन्हा ने एसीबी अधिकारियों से संविधान द्वारा मिली शक्तियों का सही उपयोग करते हुए भ्रष्टाचार को पूरी तरह खत्म करने और जनता का भरोसा जीतने की अपील भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता