जम्मू-कश्मीर सांस्कृतिक महोत्सव 31 मार्च को, विरासत को मिलेगा भव्य मंच

 


जम्मू, 30 मार्च (हि.स.)। महंत रोहित शास्त्री ने मंगलवार को मिश्रीवाला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान “जम्मू-कश्मीर सांस्कृतिक महोत्सव” की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह भव्य आयोजन 31 मार्च 2026 को मेजेस्टिक ग्रैंड बैंक्वेट रिजॉर्ट, मिश्रीवाला (जम्मू नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र) में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव की अध्यक्षता स्वामी अवधेशानंद गिरि करेंगे जबकि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मुकुल कानिटकर होंगे। इसके अलावा जम्मू नॉर्थ के विधायक शाम लाल शर्मा और नगरोटा की विधायक देवयानी राणा सहित कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।

महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर की समृद्ध लोक परंपराओं, पारंपरिक वेशभूषा, हस्तशिल्प और आध्यात्मिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करना है, ताकि लोग क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को करीब से जान सकें। उन्होंने जानकारी दी कि महोत्सव में सांस्कृतिक प्रदर्शनी, लोक नृत्य-गायन, किसान मेला, निशुल्क स्वास्थ्य शिविर और प्रीति भोज जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक उत्सव होगा, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी बनेगा। उन्होंने आम जनता से परिवार सहित इस महोत्सव में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, सामाजिक एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रेस वार्ता में जोगिंदर सिंह, करुणेश गुप्ता, भूषण जमवाल और मास्टर विजय कुमार शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा