जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने उधमपुर में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया

 

उधमपुर, 26 मई(हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में वायु सेना रोड के करीब स्थित मियां बाग के पास धार रोड पर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे सामान बेचने के लिए अवैध रूप से बनाए गए कई अस्थायी टिन शेड को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया।

नायब तहसीलदार रौन मारूफ खान के अनुसार यह समस्या क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई थी और कई लोगों ने इसे लेकर तहसीलदार कार्यालय में शिकायत भी दर्ज कराई थी। खान ने कहा कि यह मुद्दा काफी समय से चल रहा था। कई लोग डीसी कार्यालय और तहसीलदार के पास शिकायत दर्ज करा रहे थे कि कई लोगों ने राज्य की जमीन पर अस्थायी शेड बना लिए हैं। यह एक राजमार्ग है और शाम को लोग यहां इकट्ठा होते हैं जिससे दुर्घटनाओं का खतरा रहता है।

क्षेत्र की संवेदनशीलता पर ध्यान केंद्रित करते हुए अधिकारी ने कहा कि कुल सात शेडों में से पांच को जनता ने स्वयं हटा दिया था इस बीच अन्य दो को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। हाल ही में वायु सेना और पुलिस के अनुरोध पर उन्होंने हमारे संज्ञान में लाया कि यहां के सात शेडों में से दो में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं जो सड़क पर फोकस करते हैं। यह एक संवेदनशील क्षेत्र है यहां एयरफोर्स स्टेशन हैं अन्य सुरक्षा प्रतिष्ठानों की आवाजाही भी यहीं होती है। हमने उन अस्थायी शेडों को पहले ही नोटिस जारी कर आज हटा दिया है, पांच शेड खुद ही हटा दिए गए। हमने आज शेष दो शेड हटा दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता