जल जीवन मिशन में भुगतान अटका, कठुआ में ठेकेदारों का फूटा गुस्सा

 


कठुआ, 02 मार्च (हि.स.)। जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों का बकाया भुगतान न मिलने से नाराज कांट्रेक्टर एसोसिएशन कठुआ के सदस्यों ने एकत्रित होकर पीएचई कार्यालय के समक्ष अपना रोष व्यक्त किया और सरकार व संबंधित विभाग के खिलाफ आवाज बुलंद की। ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने “हर घर जल, हर घर नल” योजना को सफल बनाने के लिए जिले भर में ओवरहेड टैंक निर्माण, पाइपलाइन बिछाने सहित अन्य आवश्यक कार्य पूरे किए, लेकिन उन्हें अब तक उनका भुगतान नहीं मिला।

ठेकेदारों ने बताया कि इन कार्यों को पूरा करने के लिए उन्होंने बैंकों से लोन और लिमिट लेकर करोड़ों रुपये निवेश किए। भुगतान न होने के कारण उन्हें हर महीने लाखों रुपये ब्याज चुकाना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी विभाग से भुगतान की मांग की जाती है तो यह कहकर टाल दिया जाता है कि इस परियोजना में घोटाले की जांच चल रही है। ठेकेदारों ने सवाल उठाया कि यदि कोई घोटाला हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दी जाए, लेकिन जिन ठेकेदारों ने नियमों और शर्तों के अनुसार काम पूरा किया है, उन्हें भुगतान से वंचित रखना अन्याय है। ठेकेदारों ने कहा कि जल जीवन मिशन को सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया गया था और उन्होंने पूरी ईमानदारी से कार्यों को अंजाम दिया। इसके बावजूद आज वे कर्ज के बोझ तले दब चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार, जम्मू-कश्मीर सरकार और संबंधित मंत्रियों के समक्ष भी मामला उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बकाया भुगतान जारी नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और सरकार की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया