जीजीएम साइंस कॉलेज जम्मू में स्केल पहल पर इंटरैक्टिव सत्र आयोजित

 


जम्मू, 25 मार्च (हि.स.)। गवर्नमेंट गांधी मेमोरियल साइंस कॉलेज, जम्मू में उच्च शिक्षा विभाग जम्मू-कश्मीर के डायरेक्टर कॉलेजेज प्रो. (डॉ.) शेख अजाज बशीर के साथ एक प्रभावशाली इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य “स्केल (एकेडमिक फ़ायदे और एक्सीलेंस के लिए स्टूडेंट्स कनेक्ट करें)” पहल के क्रियान्वयन और महत्व पर प्रकाश डालना था।

कार्यक्रम के आरंभ में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने अतिथि का स्वागत करते हुए उच्च शिक्षा निदेशालय की प्रगतिशील पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये पहलें छात्रों में शैक्षणिक जागरूकता, पारदर्शिता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह सत्र आईक्यूऐसी के तत्वावधान में आयोजित किया गया जिसका उद्देश्य छात्रों को शैक्षणिक प्रक्रियाओं में भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। अपने संबोधन में डायरेक्टर कॉलेजेज ने स्केल, सिग्मा पोर्टल, शिकायत निवारण प्रणाली, युवा मिशन, एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट, मूक्स तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने छात्रों को शोध, खेल सुविधाओं और मेंटर-मेंटी प्रणाली के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि “एक जागरूक छात्र ही सशक्त छात्र होता है।” साथ ही उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि ये पारदर्शिता और छात्र-केंद्रित सेवाओं को मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया जिसमें छात्रों ने अपने सवालों के उत्तर प्राप्त किए और सुझाव भी साझा किए। इस अवसर पर डॉ. वंदना खजूरिया, डॉ. पी.एस. मनहास, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल समन्वय डॉ. रोहित भारद्वाज, डॉ. विशाल शर्मा, डॉ. अरुण शर्मा एवं डॉ. प्रीति वर्मा ने किया। मंच संचालन प्रो. आकांक्षा परिहार ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. पी.एस. मनहास, समन्वयक आईक्यूऐसी द्वारा प्रस्तुत किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा