बसोहली में इंटर-स्कूल जोनल टूर्नामेंट का आगाज, 291 छात्राओं ने दिखाया दमखम

 


कठुआ/बसोहली, 07 मई (हि.स.)। इंटर-स्कूल जोनल लेवल गर्ल्स टूर्नामेंट का शुभारंभ गुरुवार को गवर्नमेंट मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बसोहली और जीएचएसएस भूंड में उत्साह के साथ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन जोन बसोहली के विभिन्न स्कूलों की 291 छात्राओं ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन वाइस प्रिंसिपल मेजर सिंह ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रेरित किया। टूर्नामेंट का आयोजन जेडपीईओ बसोहली तारा सिंह की देखरेख में किया गया। प्रतियोगिता में कबड्डी, बैडमिंटन, खो-खो, शतरंज और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

टीम इवेंट्स में जीएचएस बसोहली ने कबड्डी, खो-खो और बैडमिंटन में जीत दर्ज की जबकि शतरंज में सेंट कॉन्वेंट स्कूल की भूमिका ने पहला स्थान हासिल किया। एथलेटिक्स में 100 मीटर दौड़ में ईशा (जीएचएस बसोहली) और 200 मीटर में आराध्या (सेंट कॉन्वेंट स्कूल) विजेता रहीं जबकि शॉटपुट में लक्ष्मी (जीएचएस बसोहली) ने पहला स्थान प्राप्त किया। टूर्नामेंट के पहले दिन खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन और खेल भावना का परिचय दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया