नशा मुक्त अभियान के तहत बनी बाजार में सघन जांच, प्रशासन ने दिखाई सख्ती
कठुआ/बनी, 11 मई (हि.स.)। नशा मुक्त अभियान और अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत बनी प्रशासन ने सोमवार को बनी बाजार में व्यापक स्तर पर सघन मार्केट चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान किराना दुकानों, केमिस्ट शॉप्स, रेस्टोरेंट्स समेत विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई।
यह अभियान एसडीएम बनी संदीप कुमार शर्मा की मौजूदगी में चलाया गया जिसमें व्यापारियों और आम जनता को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक भी किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान व्यपार मंडल, ट्रांसपोर्टर्स और स्थानीय लोगों को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही बाजार में अतिक्रमण को लेकर भी चेतावनी दी गई और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर तहसीलदार बनी प्रद्युम अत्री, एसडीपीओ बनी अमीन भट, ड्रग इंस्पेक्टर विक्रम सिंह, बीडीओ और टीएसओ बनी नवजोत शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र को नशा मुक्त और व्यवस्थित बनाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया