एचएडीपी और जेकेसीआईपी की योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
कठुआ, 22 अगस्त (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने जिले में होलिस्टिक एग्रीकल्चर डेवलपमेंट प्लान और जम्मू-कश्मीर कॉम्पिटिटिव इनिशिएटिव प्रोजेक्ट के तहत चल रहे कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, लाभार्थियों की कवरेज तथा स्वीकृत कार्यों के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को सभी घटकों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को समय पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने और कृषि व संबद्ध क्षेत्रों में आजीविका के अवसर मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने एचएडीपी के तहत स्थापित इकाइयों की नियमित निगरानी करने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी इकाइयां सुचारू रूप से कार्यरत रहें। अधिकारियों को आपसी समन्वय बढ़ाने, नियमित क्षेत्रीय दौरे करने और बाधाओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सीपीओ कठुआ रंजीत ठाकुर सहित कृषि, बागवानी, पशुपालन, भेड़पालन, रेशम उत्पादन और मत्स्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया