जम्मू संभाग में पेयजल आपूर्ति व बाढ़ प्रबंधन मजबूत करने के निर्देश
जम्मू, 11 जुलाई (हि.स.)। जल शक्ति, वन पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने शनिवार को सिविल सचिवालय में समीक्षा बैठक कर जम्मू संभाग में पीएचई और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के कामकाज का जायजा लिया।
बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जलापूर्ति योजनाएं पूर्ण क्षमता से संचालित रहें और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनता को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री ने जल जीवन मिशन सहित अधूरी योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने, जल स्रोतों की नियमित निगरानी, टैंकरों की प्रभावी तैनाती तथा भूजल स्तर पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए। बाढ़ प्रबंधन को लेकर राणा ने संवेदनशील क्षेत्रों में मजबूत इंतजाम सुनिश्चित करने, आधुनिक अर्ली वार्निंग सिस्टम अपनाने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
उन्होंने आपदा प्रबंधन योजनाओं को मिशन मोड में लागू करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि तवी बैराज परियोजना के तहत गेट पूरी तरह स्थापित हो चुके हैं और शेष कार्य तेजी से जारी है। वहीं मुख्य रणबीर नहर के विस्तार व आधुनिकीकरण की परियोजना को भी जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया