मासूम हाथों से कीटनाशक फैक्ट्री में कराया जा रहा था काम, प्रशासन की रेड में दो दर्जन से अधिक बच्चे रेस्क्यू
कठुआ, 29 सितंबर (हि.स.)। कठुआ के गोविंदसर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने कीटनाशक दवाइयों से संबंधित बी आर एग्रोटेक नामक औद्योगिक इकाई में दबिश देकर दो दर्जन से अधिक नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। बताया जा रहा है कि शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की। रेस्क्यू किए गए बच्चों को एंबुलेंस के माध्यम से सामाजिक कल्याण विभाग के हवाले किया गया है।
जानकारी के अनुसार बी आर एग्रोटेक औद्योगिक इकाई में कथित तौर पर नाबालिग बच्चों से काम करवाए जाने की शिकायत जिला प्रशासन तक पहुंची थी। शिकायत के आधार पर प्रशासन और पुलिस की टीम ने संबंधित इकाई में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में बच्चों को वहां से बाहर निकाला गया जिसके बाद उन्हें आवश्यक प्रक्रिया के तहत सामाजिक कल्याण विभाग को सौंप दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई की सूचना फैलते ही पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया था। संबंधित अधिकारी भी मामले पर आधिकारिक जानकारी देने से बचते नजर आए।
स्थानीय लोगों के अनुसार संबंधित इकाई के आसपास ऐसी अन्य औद्योगिक इकाइयां भी हैं जहां ठेकेदारों के माध्यम से कथित तौर पर कम उम्र के बच्चों से काम करवाए जाने की बात सामने आती रही है। स्थानीय लोगों ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र में व्यापक जांच करवाने की मांग की है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं अन्य इकाइयों में भी बाल श्रम तो नहीं करवाया जा रहा। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि जिस इकाई में कार्रवाई हुई वहां कथित तौर पर कीटनाशक दवाइयों से संबंधित कार्य होता है। यदि नाबालिग बच्चों से ऐसे कार्यस्थल पर काम करवाया जा रहा था तो यह उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला हो सकता है। लोगों ने संबंधित इकाई के संचालकों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब सभी की नजर जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच के बाद संबंधित औद्योगिक इकाई के खिलाफ बाल श्रम कानून सहित अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया जाता है या नहीं। फिलहाल प्रशासन की आधिकारिक रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष का इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया