सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, 117 विद्यार्थियों और 12 शिक्षकों ने लिया हिस्सा
जम्मू, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय सेना की ओर से पुंछ के लसाना क्षेत्र स्थित राजकीय हाई स्कूल सनाई में जम्मू-कश्मीर के लोगों के कल्याण और विकास से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय को सरकारी योजनाओं के तहत उपलब्ध लाभ और अवसरों की जानकारी देना था। कार्यक्रम में 117 विद्यार्थियों और 12 शिक्षकों ने भाग लिया। नोडल अधिकारी ने शिक्षा, छात्रवृत्ति, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और वित्तीय सहायता से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। प्रतिभागियों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अधिकृत सरकारी माध्यमों से आवेदन करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया गया ताकि पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें। इस दौरान संवाद सत्र में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विभिन्न योजनाओं तथा आवेदन प्रक्रिया को लेकर सवाल भी पूछे। कार्यक्रम के समापन पर युवाओं को जागरूक, सूचित और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। स्कूल प्रशासन और प्रतिभागियों ने सेना की इस पहल की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा