स्केल कार्यक्रम के तहत जीडीसी बिलावर में इंडक्शन सत्र आयोजित
बिलावर, 28 जुलाई (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बिलावर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एकेडमिक लाभ और उत्कृष्टता के लिए स्टूडेंट कनेक्ट कार्यक्रम के तहत इंडक्शन सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. अलका शर्मा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ जिसमें कॉलेज के विभिन्न प्राध्यापकों की उपस्थिति रही।
सत्र की शुरुआत विद्यार्थियों के स्वागत के साथ हुई जिसमें उन्हें कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों, दृष्टि और मूल्यों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को स्केल कार्यक्रम के उद्देश्यों मेंटोर-मेंटी प्रणाली को मजबूत करना, छात्र-शिक्षक संवाद बढ़ाना और समग्र विकास को बढ़ावा देना के बारे में जानकारी दी गई।
एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजेश शर्मा ने विद्यार्थियों को कॉलेज की उपलब्धियों और विभिन्न सुविधाओं जैसे एनसीसी, एनएसएस, पुस्तकालय, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के बारे में बताया। साथ ही एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं व प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान मेंटर-मेंटी प्रणाली की भूमिका समझाते हुए विद्यार्थियों को नियमित संवाद और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया