जम्मू में आयकर विभाग और वाईबीए ने संयुक्त रक्तदान शिविर आयोजित किया
जम्मू,, 02 जून (हि.स.)।
जम्मू में आयकर विभाग (इन्वेस्टिगेशन निदेशालय) और यंग ब्लड एसोसिएशन (वाईबीए) के संयुक्त तत्वावधान में एक सफल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जनसेवा और स्वास्थ्य के प्रति दोनों संस्थाओं की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में आयकर विभाग (इन्वेस्टिगेशन) जम्मू के उप निदेशक साहित दिगरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिन्होंने इस संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर का आयोजन वाईबीए के अध्यक्ष डॉ. सतवंत सिंह रिस्सम के मार्गदर्शन में किया गया जबकि सरकारी अस्पताल गांधीनगर की मेडिकल टीम ने डॉ. नरिंदर भटियाल की देखरेख में रक्तदाताओं की जांच और सुरक्षित रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की।
शिविर में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, वकीलों, व्यवसायियों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वाईबीए के चेयरमैन अनिल पाढ़ा ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगी संगठनों का आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में भागीदारी की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता