जसरोटा में 1.10 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, 15 ट्रांसफॉर्मर, 2 बोरवेल और 8 नाले जनता को समर्पित

 


कठुआ, 27 फरवरी (हि.स.)। जसरोटा विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने 1.10 करोड़ की लागत से स्थापित 15 नए ट्रांसफॉर्मर, 2 बोरवेल और 8 लेन नालों का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, पेयजल उपलब्धता और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

यह सुविधाएं करंडी, अमाला, धमाल, हमीरपुर, घाटी, भल्लर, पंद्राड, मर्थ, बुधी, ठनून, करखड़ और पल्ली सहित कई गांवों के लोगों को समर्पित की गईं। विधायक ने कहा कि नए ट्रांसफॉर्मरों से वोल्टेज समस्या और बिजली कटौती में कमी आएगी, जबकि बोरवेल से गर्मियों में पेयजल संकट से राहत मिलेगी। साथ ही बनाए गए नाले जलभराव रोकने और स्वच्छता सुधारने में मदद करेंगे। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान पर विधायक और संबंधित विभागों का आभार जताया। अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया कि परियोजनाओं की गुणवत्ता और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया