15 नवंबर को जेकेएसएसबी परीक्षा के मद्देनजर कठुआ के 23 परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में धारा 163 लागू

 


कठुआ, 12 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड की ओर से 15 नवंबर को आयोजित की जाने वाली लेखा सहायक (वित्त विभाग) पद की लिखित परीक्षा के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट कठुआ राजेश शर्मा जेकेएएस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार जिला कठुआ में परीक्षा के लिए अधिसूचित सभी 23 परीक्षा केंद्रों के आसपास 100 मीटर के दायरे में प्रतिबंध लागू रहेंगे। जेकेएसएसबी की ओर से आयोजित की जाने वाली यह ओएमआर आधारित लिखित परीक्षा 15 नवंबर रविवार को एक ही सत्र में दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक होगी। जिला मजिस्ट्रेट ने आदेश में कहा है कि परीक्षा के दिन परीक्षा केंद्रों के अंदर और बाहर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न करवाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ये प्रतिबंध परीक्षा पूरी होने तक प्रभावी रहेंगे। वहीं पुलिस, अर्धसैनिक बलों तथा सरकारी कार्यों में कानूनी रूप से तैनात व्यक्तियों पर ये प्रतिबंध लागू नहीं होंगे। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट की ओर से यह आदेश 12 नवंबर को जारी किया गया है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया