पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में सबसे ज़्यादा 42.6 मिमी बारिश पर्यटक स्थल पहलगाम में हुई
श्रीनगर, 12 जुलाई (हि.स.)। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में सबसे ज़्यादा बारिश पर्यटक स्थल पहलगाम में हुई जहाँ 42.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। जानकारी के मुताबिक पहलगाम में भारी बारिश एक स्थानीय बादल फटने की घटना के कारण हुई।
शनिवार शाम को अवूरा और देहवाथू के जंगली इलाकों में बादल फटने से उस धारा में अचानक बाढ़ आ गई जो इलाके से होकर बहती है और बटकोट में लिद्दर नाले में मिलती है। बाढ़ का पानी कम से कम आधा दर्जन होटलों में घुस गया। कई होटल की इमारतों और रिहायशी मकानों को भी नुकसान पहुँचा। तेज़ बारिश के बाद शेषनाग नाले और लिद्दर नाले, दोनों में जलस्तर तेज़ी से बढ़ा। हालाँकि अधिकारियों ने बताया कि दोनों धाराएँ अपने-अपने खतरे के निशान से नीचे बह रही थीं। कश्मीर में अच्छी बारिश दर्ज करने वाले अन्य मौसम केंद्रों में सोनमर्ग (21.0 मिमी), गुलमर्ग (11.8 मिमी) और बारामूला (5.5 मिमी) शामिल हैं। इस दौरान केंद्र शासित प्रदेश के ज़्यादातर अन्य हिस्सों में या तो हल्की बारिश हुई या मौसम सूखा रहा।
मौसम विभाग ने रविवार को पूरे जम्मू-कश्मीर में कहीं-कहीं हल्की बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान लगाया है साथ ही कुछ अलग-थलग इलाकों में थोड़ी देर के लिए तेज़ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 13 से 17 जुलाई के बीच मौसम आम तौर पर गर्म और उमस भरा रहने की उम्मीद है हालांकि कुछ जगहों पर थोड़ी देर के लिए बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान जम्मू डिवीज़न के कुछ इलाकों में कम समय के लिए लेकिन तेज़ बारिश हो सकती है। विभाग ने 18 से 20 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का भी अनुमान लगाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता