रोमांचक मुकाबले में एसपीएमआर कॉलेज ने सुपर ओवर में मारी बाज़ी, फाइनल में बनाई जगह

 


जम्मू, 13 मार्च (हि.स.)। जम्मू के जीजीएम साइंस कॉलेज के समीप स्थित जेकेसीए मैदान में खेले गए क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में एसपीएमआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स और क्लस्टर यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू (सीएलयूजे-11) के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला जो निर्धारित ओवरों में टाई रहा। बाद में सुपर ओवर में एसपीएमआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। टॉस जीतकर सीएलयूजे-11 ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एसपीएमआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स ने 19 ओवर में सभी विकेट खोकर 136 रन बनाए। टीम की ओर से आसिफ भट ने 29 और नरेश कुमार ने 21 रन का योगदान दिया। सीएलयूजे-11 की ओर से मुकेश ने 23 रन देकर 3 विकेट, नागेश्वर ने 12 रन देकर 2 विकेट और आकाश ने 30 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएलयूजे-11 की टीम भी 16.3 ओवर में 136 रन पर ऑल आउट हो गई और मैच टाई हो गया। टीम की ओर से सुनील ने 5 चौकों की मदद से 32 रन बनाए, कप्तान अंकुश ने 29 रन (4 चौके, 1 छक्का) बनाए, जबकि नागेश्वर ने 36 रन (5 चौके, 1 छक्का) की अहम पारी खेली। एसपीएमआर कॉलेज की ओर से आकाश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 45 रन देकर 4 विकेट लिए जबकि नजर ने 24 रन देकर 3 विकेट झटके।

सुपर ओवर में एसपीएमआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला जीत लिया और टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की की। नागेश्वर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में दीपक गुप्ता और मनीष शर्मा ने अंपायर की भूमिका निभाई जबकि प्रतीक मल्होत्रा स्कोरर और आरती कपूर मैनेजर रहीं। टूर्नामेंट का आयोजन डॉ. विनोद बख्शी, निदेशक शारीरिक शिक्षा एवं खेल की देखरेख में किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा