कठुआ में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2000 लीटर लाहन नष्ट किया

 

कठुआ, 25 फ़रवरी (हि.स.)।

कठुआ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2000 लीटर लाहन (कच्चा घोल) नष्ट किया और 20 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की। इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई मोहिता शर्मा (एसएसपी कठुआ) के निर्देश पर की गई।

जानकारी के अनुसार थाना राजबाग थाना क्षेत्र के बनियाडी और आसपास के इलाकों में पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस चौकी मढ़ीन पुलिस चौकी और जिला विशेष शाखा कठुआ की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने एसपी ऑपरेशन मुकंद टिबरेवाल, एसडीपीओ बॉर्डर धीरज सिंह कटोच तथा एसएचओ राजबाग इंस्पेक्टर सुशील शर्मा की निगरानी में कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से लगभग 2000 लीटर लाहन और 20 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की। शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए। मौके से नेहा देवी पत्नी राकेश कुमार निवासी बनियाडी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 21 जंद्रियां (शराब बनाने के उपकरण) भी बरामद हुईं।

पुलिस ने बरामद लाहन और अस्थायी शराब बनाने की भट्टियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस संबंध में थाना राजबाग में आबकारी अधिनियम की धारा 48(ए) के तहत एफआईआर नंबर 49/2026 दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता